रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खबर: RailOne ऐप से जनरल टिकट पर छूट, डिजिटल पेमेंट पर 3% और R-Wallet से 6% डिस्काउंट
भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए RailOne ऐप से बुक होने वाले अनारक्षित (जनरल) टिकट पर डिस्काउंट की सुविधा शुरू की है। अब RailOne ऐप के जरिए जनरल टिकट लेकर अगर यात्री UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भुगतान करते हैं, तो उन्हें 3% की छूट मिलेगी। वहीं, अगर टिकट बुक करते समय R-Wallet से पेमेंट किया जाता है, तो छूट दुगनी होकर 6% हो जाएगी। पहले R-Wallet से जनरल टिकट पर 3% डिस्काउंट मिलता था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। यह नई स्कीम 14 जुलाई 2026 तक, यानी पूरे 6 महीने के लिए लागू रहेगी। रेलवे ने 30 दिसंबर को इस डिस्काउंट योजना का ऐलान किया था।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह 3% डिस्काउंट केवल RailOne ऐप पर ही मिलेगा। किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या वेबसाइट से जनरल टिकट बुक करने पर यह सुविधा नहीं दी जाएगी। इसका मकसद यात्रियों को रेलवे के ऑफिशियल ऐप की ओर बढ़ाना और स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर लगने वाली भीड़ को कम करना है।
RailOne ऐप क्या है और क्यों बनाया गया
भारतीय रेलवे के अनुसार, RailOne एक वन-स्टॉप सॉल्यूशन ऐप है, जिसमें ट्रेन यात्रा से जुड़ी लगभग सभी जरूरी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल जाती हैं। पहले यात्रियों को टिकट बुकिंग, ट्रेन स्टेटस, शिकायत और खाना ऑर्डर करने के लिए अलग-अलग ऐप इस्तेमाल करने पड़ते थे। RailOne ऐप इन सभी सेवाओं को एक जगह लाकर यात्रियों की परेशानी कम करता है।
R-Wallet क्या है
R-Wallet रेलवे का अपना डिजिटल वॉलेट है, जिससे टिकट और दूसरी रेलवे सेवाओं का पेमेंट किया जा सकता है। इसमें mPIN या बायोमेट्रिक लॉगिन होता है, जिससे लेन-देन सुरक्षित रहता है। R-Wallet से जनरल टिकट लेने पर अब 6% तक की छूट का फायदा मिल रहा है।
RailOne ऐप की प्रमुख सुविधाएं

- आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग
- प्लेटफॉर्म टिकट
- ट्रेन की लाइव लोकेशन और PNR स्टेटस
- सीट पर खाना ऑर्डर करने की सुविधा
- टिकट कैंसिलेशन और रिफंड मैनेजमेंट
- शिकायत दर्ज करने का विकल्प
- कई भारतीय भाषाओं में सपोर्ट
- ट्रेन अलर्ट और रियल-टाइम नोटिफिकेशन
RailOne ऐप कैसे इस्तेमाल करें
Play Store या App Store से RailOne ऐप डाउनलोड करें। मोबाइल नंबर डालकर OTP से वेरिफिकेशन करें और mPIN या फिंगरप्रिंट से लॉगिन सेट करें। जरूरत पड़ने पर R-Wallet एक्टिव कर उसमें पैसे जोड़ें और टिकट बुकिंग, रिफंड व ट्रेन अपडेट जैसी सुविधाओं का फायदा उठाएं।
इस नई स्कीम से डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को हर यात्रा में सीधी बचत का फायदा मिल सकेगा।
