‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग के दौरान अनुपम खेर की दरियादिली, फैन को दिया स्मार्टफोन
बॉलीवुड अभिनेता Anupam Kher एक बार फिर अपनी दरियादिली को लेकर चर्चा में हैं। गुरुग्राम में फिल्म खोसला का घोसला 2 की शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने एक फैन, चौकीदार धर्मेंद्र को स्मार्टफोन गिफ्ट किया। इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अनुपम खेर की खूब तारीफ कर रहे हैं।
अनुपम खेर ने यह वीडियो अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर शेयर करते हुए पूरी कहानी बताई। उन्होंने लिखा कि शूटिंग लोकेशन पर चौकीदार धर्मेंद्र उनके साथ फोटो खिंचवाना चाहता था, लेकिन उसके पास कैमरे वाला फोन नहीं था। धर्मेंद्र इस बात से मायूस था कि फोटो उसके पास कैसे पहुंचेगी। यही देखकर अनुपम खेर ने उसे नया स्मार्टफोन भेंट कर दिया।
पहली फोटो, नई खुशी
अनुपम खेर ने बताया कि फोन मिलने के बाद धर्मेंद्र ने अपने नए कैमरे से पहली फोटो उन्हीं के साथ खिंचवाई। उन्होंने लिखा कि गुरुग्राम की ठंड और धुंध के बीच धर्मेंद्र की मुस्कान से खूबसूरत कोई एहसास नहीं हो सकता। इस वीडियो को फैंस ‘Best Feeling’ और ‘Warmth’ जैसे शब्दों के साथ शेयर कर रहे हैं।
20 साल बाद लौट रही है ‘खोसला का घोसला’
साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म खोसला का घोसला दर्शकों की पसंदीदा कॉमेडी-क्राइम फिल्मों में से एक रही है। इस फिल्म में अनुपम खेर के साथ बोमन ईरानी, विनय पाठक, रणवीर शौरी, तारा शर्मा और प्रवीण डबास नजर आए थे। फिल्म को नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।
अब करीब 20 साल बाद इसके सीक्वल का ऐलान हो चुका है। ‘खोसला का घोसला 2’ में पुरानी स्टारकास्ट की वापसी हो रही है, वहीं रवि किशन भी इस बार अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसके ऐलान के बाद से ही दर्शकों को इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।
