भारतीय पासपोर्ट की ताकत बढ़ी! 5 पायदान की छलांग, अब 55 देशों में वीजा-फ्री एंट्री; पाकिस्तान-बांग्लादेश फिर सबसे कमजोर सूची में
भारतीय पासपोर्ट की वैश्विक हैसियत में एक बार फिर सुधार हुआ है। पासपोर्ट रैंकिंग जारी करने वाली संस्था Henley & Partners की 2026 की रैंकिंग में भारत 5 स्थान की छलांग लगाकर 80वें नंबर पर पहुंच गया है। पिछले साल 2025 में भारत की रैंक 85 थी, जबकि 2024 में भी भारत 80वें स्थान पर था। यानी 2025 की गिरावट के बाद 2026 में फिर मजबूती लौटी है। नई रैंकिंग के मुताबिक भारतीय नागरिक अब 55 देशों में वीजा-फ्री या वीजा-ऑन-अराइवल यात्रा कर सकते हैं।
यह रैंकिंग इस आधार पर तय होती है कि किसी देश का पासपोर्ट धारक कितने देशों में बिना पहले वीजा लिए प्रवेश कर सकता है। हालांकि, 2025 की तुलना में भारत की रैंक बेहतर हुई है, लेकिन वीजा-फ्री ट्रैवल वाले देशों की संख्या 57 से घटकर 55 रह गई है।
पाकिस्तानी और बांग्लादेशी पासपोर्ट सबसे कमजोर
जहां भारत की स्थिति मजबूत हुई है, वहीं पड़ोसी देशों के पासपोर्ट अब भी कमजोर सूची में बने हुए हैं।
- पाकिस्तानी पासपोर्ट दुनिया का 5वां सबसे कमजोर पासपोर्ट है। पाकिस्तान 2026 की रैंकिंग में 98वें स्थान पर रहा। 2025 में उसकी रैंक 103 थी। पाकिस्तानी नागरिक केवल 31 देशों में वीजा-फ्री यात्रा कर सकते हैं। बांग्लादेशी पासपोर्ट 95वें स्थान पर है और दुनिया का 8वां सबसे कमजोर पासपोर्ट माना गया है।
सिंगापुर फिर नंबर-1, एशियाई देशों का दबदबा
Singapore लगातार दूसरे साल दुनिया का सबसे ताकतवर पासपोर्ट बना हुआ है। सिंगापुर के नागरिक 192 देशों में वीजा-फ्री एंट्री कर सकते हैं। Japan और South Korea संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिनके नागरिक 188 देशों में बिना वीजा यात्रा कर सकते हैं। तीसरे स्थान पर डेनमार्क, लक्समबर्ग, स्पेन, स्वीडन और स्विट्जरलैंड रहे, जिनके नागरिकों को 186 देशों में वीजा-फ्री एंट्री मिलती है।
अफगानिस्तान सबसे नीचे- दुनिया का सबसे कमजोर पासपोर्ट Afghanistan का है, जो रैंकिंग में 101वें स्थान पर रहा।
भारत से नीचे रैंक वाले प्रमुख देश
- 92: ईरान
- 95: बांग्लादेश
- 96: नेपाल
- 98: पाकिस्तान
- 101: अफगानिस्तान
कैसे तय होती है पासपोर्ट रैंकिंग
हेनली पासपोर्ट वीजा इंडेक्स साल में दो बार (जनवरी और जुलाई) जारी किया जाता है। पूरे साल रियल-टाइम डेटा के आधार पर वीजा नीतियों में हुए बदलावों को इसमें शामिल किया जाता है। रैंकिंग इस बात पर निर्भर करती है कि किसी देश का पासपोर्ट धारक कितने देशों में बिना पूर्व वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल यात्रा कर सकता है।
पासपोर्ट क्या होता है और कितने साल वैध होता है
पासपोर्ट किसी देश की सरकार द्वारा जारी वह आधिकारिक दस्तावेज होता है, जो अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान व्यक्ति की पहचान और राष्ट्रीयता को प्रमाणित करता है।
- 18 साल से कम उम्र के पासपोर्ट धारकों के लिए पासपोर्ट 5 साल तक वैध होता है।
- 18 साल या उससे अधिक उम्र के वयस्कों के लिए पासपोर्ट की वैधता 10 साल होती है।
वैधता खत्म होने के बाद पासपोर्ट को रिन्यू कराकर आगे बढ़ाया जा सकता है।
